नौगई हत्याकांड में बड़ा घटनाक्रम: चार आरोपियों ने किया सरेंडर, एक की तलाश जारी…
तीन लोगों को जिंदा जलाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता, एक ही परिवार के चार सदस्य पहुंचे थाने
“सेराज खान सूरजपुर संवाददाता”
एमसीबी/कोरिया कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र के ग्राम नौगई में हुए बहुचर्चित तिहरे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कई दिनों से फरार चल रहे चार आरोपियों ने शनिवार को मनेन्द्रगढ़ थाना कोतवाली पहुंचकर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। हालांकि मामले का एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
गौरतलब है कि 16 जून की रात ग्राम नौगई में पुरानी रंजिश और विवाद ने खूनी रूप ले लिया था।
दो पक्षों के बीच हुए हिंसक संघर्ष में भाजपा नेता समेत तीन लोगों को कार में पेट्रोल डालकर आग के हवाले किए जाने का आरोप है। इस दर्दनाक घटना में तीनों की मौत हो गई थी, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव और भारी आक्रोश का माहौल बन गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या, आपराधिक षड्यंत्र सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विशेष टीमों का गठन किया था। लगातार दबिश और बढ़ते दबाव के बीच आखिरकार चार आरोपियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती रतन सिंह ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वालों में मनोज त्रिपाठी, अमन त्रिपाठी, आशुतोष त्रिपाठी और निशांत त्रिपाठी शामिल हैं। सभी आरोपी एक ही परिवार से संबंधित हैं। मामले की आगे की विवेचना कोरिया पुलिस द्वारा की जा रही है।
“एक आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से दूर”
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले का एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
“क्षेत्र में अब भी संवेदनशील माहौल”
नौगई हत्याकांड के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

